कर्नाटक : भाजपा ने राज्यपाल के अभिभाषण में व्यवधान डाला (लीड-1)

बेंगलुरू, 6 फरवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक के 10 दिवसीय बजट सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने राज्यपाल वजुभाई वाला के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करने के दौरान अभिभाषण में व्यवधान डाला।

जैसे ही राज्यपाल वजुभाई वाला ने अपना भाषण हिंदी में पढ़ना शुरू किया, भाजपा सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने एकत्रित हो गए और जद (एस) व कांग्रेस गठबंधन सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

इस हंगामे में राज्यपाल की आवाज सुनाई नहीं दे रही थी।

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच राज्यपाल ने दो पेज पढ़ने के बाद अचानक अपना भाषण रोक दिया और विधानसभा से चले गए।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष के.आर.रमेश कुमार ने राज्यपाल के भाषण को ‘पढ़ा’ गया मानकर वाला के संयुक्त संबोधन को अंग्रेजी व कन्नड़ में विधानसभा व विधान परिषद के सदस्यों में वितरित कर दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य के प्रतिष्ठित गुरु शिकुमार स्वामी व मंगलुरू में जन्मे पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नाडिस के निधन पर शोक जताया। स्वामी का 21 जनवरी व फर्नाडिस का 29 जनवरी को निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी, भाजपा नेता बी.एस.येदियुरप्पा व उप मुख्यमंत्री जी.परमेश्वरा ने भी गुरु शिवकुमार स्वामी व फर्नाडिस को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी शुक्रवार को राज्य का 2019-20 वित्तीय वर्ष का बजट पेश करेंगे। कुमारस्वामी के पास वित्त विभाग भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493