आईपीएस अफसर के पिता के जीवित-मृत होने का परीक्षण करें चिकित्सक : मानवाधिकार आयोग

भोपाल 20 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी में भारतीय पुलिस अधिकारी (आईपीएस) के पिता के मृत अथवा जीवित होने का मामला एक माह से ज्यादा का वक्त गुजर जाने के बाद भी उलझा हुआ है। राज्य मानवाधिकार आयोग ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वी.के. सिंह को चिकित्सकों की समिति बनाकर जांच कर चार दिन बाद 23 फरवरी तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक की ओर से आईपीएस राजेंद्र कुमार मिश्रा के पिता के.एम. मिश्रा के मामले में आयोग को रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है।

इस रिपोर्ट के अध्ययन के बाद आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति नरेंद्र जैन ने डीजीपी को निर्देश दिया कि वे तीन एलोपैथिक विशेषज्ञ चिकित्सक और तीन आयुर्वेदिक विशेषज्ञों की समिति गठित कर मिश्रा के पिता का परीक्षण करा 23 फरवरी तक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

आयोग के अध्यक्ष की ओर से डीजीपी को जारी निर्देश में कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के अधिकारी के साथ इस मामले में गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से संपर्क कर तीन एलोपैथिक और तीन आयुर्वेदिक विशेषज्ञों की समिति बनाएं। यह समिति पुलिस बल के साथ मिश्रा के आवास पर उनकी अनुमति लेकर जाए, अगर समिति को जाने से रोका जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

आईपीएस अधिकारी मिश्रा के पिता के जीवित अथवा मृत होने का मामला चर्चाओं में है। मिश्रा जहां पिता के जीवित होने का दावा कर रहे हैं, वहीं चिकित्सक मिश्रा के पिता की एक माह पूर्व ही मृत्यु की बात कह रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट में मिश्रा के पिता की मौत 14 जनवरी को ही होने का दावा किया गया। इसके बाद डीजीपी वी.के. सिंह ने तीन पुलिस अफसरों की समिति बनाकर मामले की जांच कराई और मानवाधिकार आयोग को रिपोर्ट सौंपी। वहीं मिश्रा लगातार एक ही दावा करते आ रहे हैं कि उनके पिता जीवित हैं, और उनका इलाज चल रहा है।

चर्चाओं के अनुसार, पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राजेंद्र मिश्रा के पिता के.एम. मिश्रा (84) का राजधानी के एक निजी अस्पताल में इलाज चला और उन्हें 14 जनवरी को चिकित्सक ने कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद मिश्रा अपने पिता को लेकर चार इमली स्थित अपने सरकारी आवास आ गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493