भोपाल, 21 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसानों की कर्जमाफी को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य का 25 से 30 लाख किसान 15 दिन में बताएगा कि कर्ज माफ हो गया है।
राज्य विधानसभा में पाला पड़ने से किसानों को हुए नुकसान पर हो रही चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को कहा कि विपक्ष परेशान न हो, 15 दिन बाद इस प्रदेश का 25 से 30 लाख किसान खड़े होकर बताएगा कि कर्ज माफ हो गया है। वहीं पाला से जिन किसानों की फसलों को नुकसान होगा, सरकार उन्हें मुआवजा देगी।
कमलनाथ ने आगे कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, इसके लिए सुनियोजित नीति बनाई गई है। दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा। कर्जमाफी न तो दिखावटी है और न ही बनावटी।
ज्ञात हो कि सरकार ने राज्य के 55 लाख किसानों का दो लाख तक का कर्ज माफ करने का ऐलान किया था। इसके तहत सरकार ने किसानों से आवेदन भी कराए थे। किसानों की कर्ज माफी से सरकार पर 50 हजार करोड़ रुपये का भार आने वाला है।
dharmpath.com dharmpath