पटना, 23 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय समान अधिकार यात्रा के संयोजक रविंद्र कुमार सिंह ने यहां शनिवार को कहा कि 25 फरवरी को देश के सभी लोगों को समान अधिकार की मांग को लेकर होने वाली ‘राष्ट्रीय समान अधिकार महारैली’ की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने वाली इस रैली में बड़ी संख्या में बिहार के बाहर के भी लोग शिरकत करने वाले हैं।
उन्होंने इस रैली को राजनीतिक रैली होने से इंकार करते हुए कहा कि देशभर में शायद सवर्ण समाज की यह पहली रैली है जिसे किसी दल का कोई समर्थन नहीं है।
पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, “यह आम लोगों की रैली है, जो देश के संविधान द्वारा दिए गए समानता के अधिकार और मौलिक अधिकारों को वास्तविक रूप में लागू कराने की मांग को लेकर है।”
उन्होंने कहा कि सवर्णों को एकजुट करने के उद्देश्य से चंपारण की धरती से ‘राष्ट्रीय समान अधिकार यात्रा’ की गई, जिसके तहत सभी जिलों में यह यात्रा पहुंची। इस यात्रा का उद्देश्य देश में सामानता कायम करना है।
सिंह ने कुछ अज्ञात लोगों पर सवर्णो की इस महारैली को साजिश कर विफल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज के साथ-साथ देश में समानता की सोच रखने वाले लोगों के अपार समर्थन को देख कर समाज में नफरत की राजनीति करने वाले विरोधी घबरा गए हैं और वे साजिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह रैली आम लोगों की आवाज है, जिसे कोई दबा नहीं सकता।
सिंह ने कहा, “सवर्ण समाज ने हमेशा देश को साथ लेकर चलने का काम किया है। सवर्ण विभेद में नहीं भाईचारा में यकीन करते हैं और सभी समाज को साथ लेकर आगे बढ़ते हैं। देश के नेताओं ने सवणोर्ं को नफरत की राजनीति के सहारे खूब नुकसान पहुंचाया।”
उन्होंने कहा कि अब वह वक्त आ गया है, जब हमें देश मे आगे बढ़ कर समाज को जोड़ने, समान अधिकार और सवणोर्ं का हक लेने के साथ पिछड़े लोगों का हक उनको दिलाने की जिम्मेदारी लेनी होगी।
उन्होंने राष्ट्रीय समान अधिकार महारैली में सवर्ण समाज के तमाम लोगों से आने की अपील की है।
इस संवाददाता सम्मेलन में रविंद्र कुमार सिंह के साथ राष्ट्रीय समान अधिकार महारैली के सह संयोजक सुनील पांडेय, सुजीत कुमार भी उपस्थित थे।
पांडेय ने यह साफ करते हुए कहा कि यह रैली किसी के भी हक और अधिकार के विरोध के लिए नहीं बल्कि अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर है।
dharmpath.com dharmpath