गुजरात : कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए चावड़ा को मंत्री पद

गांधीनगर, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए कांग्रेस विधायक जवाहर चावड़ा को शनिवार को कैबिनेट मंत्री बना दिया गया।

इसके अतिरिक्त सरकार में दो अन्य मंत्री भी शामिल किए गए।

मनवदर विधानसभा सीट से विधायक चावड़ा ने शुक्रवार रात कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

इसके इनाम के तौर पर चावड़ा को भाजपा सरकार में मंत्री बनाया गया। भाजपा यहां दो दशक से सत्ता पर काबिज है।

चावड़ा लगातार पिछले पांच विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर रहे हैं।

सरकार में चावड़ा के अलावा दो अन्य लोगों -योगेश भाई नारायण और धर्मेद्र सिंह मेरूभा जडेजा- को भी मंत्री बनाया गया।

सभी लोगों को यहां राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ओ.पी. कोहली की उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा, “वह जब चाहे पद संभाल सकते हैं। हम हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत करते हैं।”

मंत्रियों को कोई विभाग नहीं दिया गया है, लेकिन इसका फैसला जल्द आने के कयास लगाए जा रहे हैं।

चावड़ा के कांग्रेस में शामिल होने से कांग्रेस को तो झटका लगा ही है, लेकिन इससे भाजपा में भी असंतोष की लहर शुरू हो गई है।

भाजपा के कई वरिष्ठ नेता इससे असंतुष्ट हैं। इससे पहले जसदान से विधायक कुंवरजी बावलिया को भी कांग्रेस छोड़ने के कुछ ही घंटों बाद कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493