मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने का कहना है कि उनके लिए फिल्म ‘कलंक’ में उस किरदार को निभाना मुश्किल और भावनात्मक रहा जिसे पहले श्रीदेवी निभाने वाली थीं।
कई सितारों से सजी करण जौहर की फिल्म ‘कलंक’ में माधुरी बहार बेगम के किरदार में हैं। पिछले साल श्रीदेवी के निधन के बाद यह किरदार माधुरी को ऑफर किया गया।
यहां मंगलवार को फिल्म के टीजर लॉन्च के मौके पर माधुरी से जब पूछा गया कि यह जानते हुए कि पहले इस किरदार को श्रीदेवी करने वाली थीं ‘कलंक’ के सेट पर उन्हें (माधुरी) कैसा महसूस होता था।
इस पर माधुरी ने कहा, “सबसे पहले, उनके निधन की खबर हमारे लिए बहुद दुख की बात थी। जब मुझे किरदार निभाने का प्रस्ताव मिला तो यह मेरे लिए आसान नहीं था। मेरे मन में उनके प्रति बहुत सम्मान है। वह एक अच्छी अभिनेत्री और एक अच्छी इंसान भी थीं। किसी के किरदार में ढलना..जब आप उसे एक अभिनेत्री के तौर पर देखते हैं, तो यह एक अलग परिदृश्य होता है क्योंकि किरदार में आप अपना इनपुट डालते हैं लेकिन क्योंकिवह फिल्म का हिस्सा थीं सेट पर हम उनको याद किया करते थे।”
उन्होंने कहा, “जैसे ही आप काम करना शुरू करते हैं, आपको आगे बढ़कर अपना काम करना होता है..मैंने यह किया, लेकिन उन्हें याद भी किया।”
संजय दत्त, वरुण धवन, आदित्य रॉय कपूर, आलिया भट्ट और सोनाक्षी सिन्हा अभिनीत व अभिषेक वर्मन निर्देशित ‘कलंक’ 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है।
dharmpath.com dharmpath