तृणमूल सांसद, कांग्रेस, माकपा के विधायक भाजपा में शामिल (लीड-1)

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को तगड़ा झटका देते हुए पार्टी के सांसद अनुपम हाजरा ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय में पार्टी का दामन थाम लिया।

हाजरा, भाजपा महासचिव व पार्टी के पश्चिम बंगाल मामलों के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी नेता मुकुल रॉय की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।

हाजरा के साथ कांग्रेस विधायत दुलाल चंद्र बार और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक खगेन मुर्मू भी भगवा दल में शामिल हो गए।

भाजपा में शामिल होने से पहले हाजरा ने यहां विजयवर्गीय और रॉय से मुलाकात की।

हाजरा ने विजयवर्गीय के साथ मुस्कराते हुए एक तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट की है और कहा है, “एक नई शुरुआत।”

किसी जमाने में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी रहे बोलपुर से तृणमूल सांसद को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए जनवरी में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

भाजपा पश्चिम बंगाल में मुख्य विपक्षी पार्टी बनने के लिए काफी मेहनत कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि 2014 लोकसभा चुनाव की तुलना में उसके प्रदर्शन में सुधार होगा। भाजपा ने पिछले आम चुनाव में दो लोकसभा सीटें जीती थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493