बिराटनगर (नेपाल), 13 मार्च (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन भारतीय महिला फुटबाल टीम ने बुधवार को यहां सैफ कप का जीत के साथ आगाज करते हुए पहले मुकाबले में मालदीव को 6-0 से करारी शिकस्त दी।
भारत ने अभी तक चार बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है।
मालदीव के खिलाफ भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और दांगमेई ग्रेस, संध्या रंगनाथन, संजू, इंदुमति काथिरसन और रतनबाला देवी ने मैच में गोल किए।
भारत ने पहले मिनट से ही आक्रामक रवैया अपनाया। मुख्य कोच मेयमोल रॉकी ने मुकाबले में किसी भी समय अपनी टीम की आक्रामक रणनीति को नहीं बदला।
पहला गोल मैच के आठवें मिनट में 18 गज के बॉक्स के अंदर से ग्रेस ने किया।
शुरुआत में ही गोल करने के कारण भारत के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उनका खेल बेहतर होता गया। 13वें मिनट में संध्या ने अपनी टीम की बढ़त को दोगुना किया। ग्रेस के नाम इस बार एसिस्ट रहा।
मैच के 22वें मिनट में इंदुमति और पांच मिनट बाद संजू ने गेंद को गोल में डालकर स्कोर 4-0 कर दिया।
पहला हाफ समाप्त होने से पहले भारत ने एक और गोल किया। मैच का पांचवां गोल इंजुरी टाइम में रतनबाला ने दागा।
भारतीय टीम दूसरे हाफ में केवल एक गोल कर पाई। यह गोल 89वें मिनट में संजू ने किया।
dharmpath.com dharmpath