लखनऊ, 23 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 39 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में दो प्रत्याशियों को बदल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर अब मुरादाबाद की जगह फतेहपुर सीकरी से लड़ेंगे। उन्होंने खुद अपनी सीट बदलने की गुहार लगाई थी। उनकी जगह कवि इमरान प्रतापगढ़ी को मुरादाबाद से उतारा गया है। वहीं, बिजनौर से पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी अब इंदिरा भाटी की जगह चुनाव मैदान में हैं।
सपा से मिजार्पुर के सांसद रहे बाल कुमार पटेल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने उन्हें बांदा से टिकट दिया है। कांग्रेस ने हरदोई से वीरेन्द्र कुमार वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने हाथरस (सुरक्षित) से त्रिलोकराम दिवाकर, आगरा (सुरक्षित) से प्रीता हरित, बिजनौर से नसीमुद्दीन सिद्दीकी, फतेहपुर सीकरी से राज बब्बर, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, हरदोई (सुरक्षित) से वीरेंद्र कुमार वर्मा, मुरादाबाद से इमरान प्रताप गड़हरिया, बांदा से बाल कुमार पटेल तथा कौशांबी (सुरक्षित) से गिरीश चंद पासी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
गौरतलब है कि 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राजबब्बर को फतेहपुर सीकरी से टिकट दी थी। उन्होंने यहां से चुनाव लड़कर लगभग दो लाख मत प्राप्त किए थे। वह बसपा प्रत्याशी से लगभग 10 हजार मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। उसके बाद वह फिरोजाबाद में हुए उप चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर लड़े और सपा की डिंपल यादव को हराकर सांसद बने।
dharmpath.com dharmpath