पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को बिहार दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे औरंगाबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित कर भाजपा के लिए वोट मांगेंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद ने शुक्रवार को बताया कि शाह विमान से पहले गया हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर से औरंगाबाद जाएंगे, जहां वे करीब शाम चार बजे एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बिहार में उनकी यह पहली चुनावी सभा होगी। उनके साथ बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शाह के दौरे को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
गौरतलब है कि औरंगाबाद से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने भाजपा के वर्तमान सांसद सुशील कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
बिहार में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों में मतदान होना है। औरंगाबाद, गया, नावादा और जमुई लोकसभा क्षेत्र में पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को मतदान होंगे।
dharmpath.com dharmpath