मोदी जी अपने संसदीय क्षेत्र के गांवों को नहीं जानते : प्रियंका

indexअयोध्या, 29 मार्च (धर्मपथ )। कांग्रेस महासचिव व पार्टी की पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार को यहां पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश-विदेश तो खूब घूमे, लेकिन आज तक अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के किसी भी गांव में नहीं गए। उन्हें जब गांवों के बारे में पता ही नहीं है तो उनका विकास कैसे करेंगे।

प्रियंका ने मंदिरों के शहर अयोध्या में रोड शो भी किया।

प्रियंका ने अयोध्या के आदिलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी ने पांच सालों में सिर्फ झूठ बोला है। नौजवान बेरोजगार घूम रहा है। उन्हें नौजवानों की फिक्र नहीं है। प्रधानमंत्री के पास गरीबों के लिए समय नहीं है। भाजपा सरकार, जनविरोधी व किसान विरोधी है। इस सरकार में जनता की सुनवाई नहीं हो रही है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री देश-विदेश तो खूब घूमे हैं, लेकिन आज तक वह अपने संसदीय क्षेत्र के एक भी गांव में नहीं गए। उन्होंने कभी किसी गरीब को गले नहीं लगाया है।”

मिशन शक्ति शुरू करने के दो दिन बाद यहां पहुंचीं

प्रियंका ने मोदी पर प्रहार करते हुए कहा, “जब आप अपने लोगों की आवाज नहीं सुन सकते, तब किस तरह का पावर रखते हैं आप? आपके पावर से लोगों को क्या फायदा?”

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी नहीं बख्शा। कहा कि भगवा पार्टी ने 2014 में वादा किया था कि हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये डाले जाएंगे। उन वादों का क्या हुआ?

वहां मौजूद लोगों से प्रियंका ने पूछा, “क्या आपके खाते में 15 लाख डाले गए? नहीं न! मोदी सरकार ने पांच साल सिर्फ झूठ बोला है।”

प्रियंका ने कहा, “कांग्रेस की सरकार हर गांव में रोजगार पैदा करने के लिए मनरेगा स्कीम लेकर आई। इस सरकार ने उसका भी बहुत विरोध किया है।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हर कार्यकर्ता अपने को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समझकर चुनाव लड़े।

इससे पहले प्रियंका अयोध्या जिले के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के मोहनगंज और शंकरगंज पहुंचीं। वहां लोगों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। इसके बाद वह कुमारगंज पहुंचीं, जहां भी लोगों ने प्रियंका का स्वागत किया। वह वहां से सीधे हरदोइया स्थित अटका के लिए निकल गईं।

अटका की रैली में प्रियंका ने कहा, “कांग्रेस की सरकार देशभर के गरीबों के लिए मनरेगा स्कीम लाई थी। भाजपा जब विपक्ष में थी, तब इस स्कीम का विरोध किया था। जब सत्ता में आई तब देखा कि देश के लोगों को यह स्कीम पसंद है, तब इस याजना में थोड़ा-थोड़ा पैसा डालने लगे। अब हालत यह है कि मजदूरों को काम करने के बाद छह माह तक पैसा नहीं मिलता। यह योजना अब ठेकेदारों के हाथ में चला गया है। दरअसल ये इस योजना को बंद करना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह सरकार गरीब लोगों का रोजगार छीन लेना चाहती है, लेकिन कांग्रेस न्यूनतम आय योजना (न्याय) लाने जा रही है, जिसमें हर गरीब परिवार को साल में 72,000 रुपये मिलने की गारंटी है।”

प्रियंका ने कहा, “जब हमने इस योजना का ऐलान किया तो भाजपा ने इसे झूठा वादा बताया। झूठा कौन है, यह आप लोगा भी समझ रहे हैं, महसूस कर रहे हैं। भाजपा की राजनीति झूठ और प्रचार की राजनीति है। वे काम नहीं करते, बल्कि प्रचार करते हैं।”

इससे पहले, रायबरेली से फैजाबाद के रास्ते में प्रियंका कई जगह रुकीं। लोगों से बातचीत की। इस दौरान एक मुस्लिम परिवार की 47 वर्षीया महिला प्रियंका को देख भावुक हो गईं। उन्होंने प्रियंका को याद दिलाया कि 1980 के दशक में उनकी दादी इंदिरा गांधी इस गांव में आई थीं। उन्होंने इंदिरा गांधी के साथ अपने परिवार की तस्वीर दिखाई। प्रियंका ने वह तस्वीर अपने पास रखने की इच्छा जताई। एक बुजुर्ग व्यक्ति ने कहा, “ले जाइए, हमारे पास इसकी एक और कॉपी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493