देश के विदेशी पूंजी भंडार में 1.02 अरब डॉलर का इजाफा

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। देश के विदेशी पूंजी भंडार में पिछले सप्ताह 1.02 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, 22 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान कुल विदेशी पूंजी भंडार बढ़कर 406.66 अरब डॉलर हो गया। उससे पिछले सप्ताह 15 मार्च को देश का कुल विदेशी पूंजी भंडार 405.63 अरब डॉलर दर्ज किया गया था।

पूंजी भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां यानी एफसीए, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार(एसडीआर) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित निधि है। पूंजी भंडार में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाला विदेशी मुद्रा (एफसीए) साप्ताहिक आधार पर 1.03 अरब डॉलर बढ़कर 378.80 अरब डॉलर हो गया।

एफसीए में अमेरिकी डॉलर के अलावा 20-30 प्रतिशत अन्य प्रमुख वैश्विक मुद्राएं भी होती हैं। आरबीआई का साप्ताहिक आंकड़ा बताता है कि देश का स्वर्ण भंडार 23.40 अरब डॉलर पर स्थिर रहा। एसडीआर सात लाख डॉलर बढ़कर 1.46 अरब डॉलर हो गया। जबकि आईएमएफ में देश की आरक्षित निधि 15 लाख डॉलर बढ़कर 2.99 अरब डॉलर हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493