उप्र : कोहरे से जनजीवन प्रभावित

लखनऊ, 14 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित सूबे के अन्य हिस्सों में सुबह से ही कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। कोहरे की वजह से रेल व सड़क यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान जताया है।

उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक, मौसम में बदलाव का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। कभी कोहरे और कभी आंशिक तौर पर बदली का असर दिखाई देगा।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में इस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में आंशिक तौर पर बदली का असर भी दिखाई देगा। मौसम पूरी तरह से साफ होने के आसार कम ही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 जनवरी को मौसम का यही रुख रहेगा, लेकिन 16 जनवरी से मौसम के साफ होने की सम्भावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा बुधवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 6़ 1 डिग्री, कानपुर का 5़ 9 डिग्री, इलाहाबाद का 7़ 4 डिग्री और गोरखपुर का आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गौरतलब है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 17़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 4़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने की वजह से सड़कों पर यातायात बाधित हुआ है। दृश्यता का स्तर 100 मीटर से भी कम हो गया है। कोहरे की वजह से कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं।

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493