हरियाणा : भाजपा ने 8 उम्मीदवार घोषित किए, 5 सांसदों को दोबारा टिकट

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसमें तीन मौजूदा सांसदों और दो केंद्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं।

हिसार और रोहतक सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है। 16वीं लोकसभा में इन सीटों का प्रतिनिधित्व क्रमश: जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस के दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया है।

धर्मवीर सिंह (भाजपा) को भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से फिर से मैदान में उतार गया है। वह हरियाणा के एकमात्र सांसद हैं, जिन्होंने सांसद को मिलने वाले स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के फंड का 100 फीसदी इस्तेमाल किया है।

भाजपा ने कुरुक्षेत्र से नायब सिंह सैनी को टिकट दिया है। उन्हें राज कुमार सैनी के स्थान पर मैदान में उतारा गया है। राज कुमार न केवल पार्टी के केंद्रीय व राज्य नेतृत्व के मुखर आलोचक थे, बल्कि उन्होंने अपनी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी भी बना ली।

भाजपा ने अंबाला से रतन लाल कटारिया पर फिर से दांव लगाया है, जबकि पूर्व भारतीय राजस्व अधिकारी सुनीता दुग्गल को सिरसा संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा गया है। दोनों सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

करनाल सीट से मौजूदा सांसद अश्विनी कुमार का टिकट काट दिया गया है और उनकी जगह संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया गया है।

गुरुग्राम से सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को पार्टी ने फिर से उम्मीदवार बनाया है और उनके कैबिनेट सहयोगी कृष्ण पाल गुर्जर को फरीदाबाद से टिकट दिया गया है।

वहीं सोनीपत से मौजूदा सांसद रमेश चंद्र कौशिक को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

कांग्रेस ने 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अभी तक नहीं की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493