भोपाल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हवाओं के चलने और बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आई है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ऊपरी हवाओं का चक्रवात बनने का असर राज्य के मौसम पर पड़ा है। बीते 24 घंटों के दौरान हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। सोमवार की सुबह आसमान साफ है और तेज धूप खिली है। गर्मी की चुभन पिछले दिनों के मुकाबले कम है। बीते 24 घंटों के दौरान खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के कई हिस्सों में आगामी 24 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी चल सकती है और बूंदाबांदी भी हो सकती है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, इंदौर का 21.5 डिग्री, ग्वालियर का 22.4 डिग्री और जबलपुर का 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री, इंदौर का 40 डिग्री , ग्वालियर का 40.5 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath