आईपीएल-12 : वार्नर का अर्धशतक, पंजाब को 151 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

मोहाली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। किंग्स इलेवन पंजाब ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में सोमवार को डेविड वार्नर (नाबाद 72) की जुझारू पारी के बाद भी सनराइजर्स हैदराबाद को 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 150 रनों तक ही सीमित कर दिया।

वार्नर अंत तक एक छोर संभाले रहे, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने उन्हें ज्यादा हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। उन्होंने अपनी पारी में 62 गेंदों का सामना किया और छह चौकों के अलावा एक छक्का लगाया।

इस मैच में एक बार फिर हैदराबाद के मध्यक्रम की तेजी से रन बनाने की कमी देखने को मिली। वार्नर और बेयरस्टो की उसकी तूफानी जोड़ी आज टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाई। बेयरस्टो (1) दूसरे ओवर में ही मुजीब उर रहमान की गेंद पर आउट हो गए।

इसके बाद वार्नर भी तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। दूसरे छोर से उन्हें ऐसा कोई विश्वसनीय बल्लेबाज नहीं मिला जो उनका साथ दे सके।

नंबर-3 पर आए विजय शंकर (26) ने वार्नर के साथ हैदराबाद का स्कोरबोर्ड जारी रखा, लेकिन तेजी से रन वह भी नहीं बना पा रहे थे। अंतत: अश्विन की दूसरा पर वह 56 के कुल स्कोर पर विकेट के पीछे लोकेश राहुल के हाथों लपके गए। मोहम्मद नबी ने सात गेंदों पर 12 रन बनाए लेकिन इससे आगे नहीं जा पाए। वह 80 के कुल स्कोर पर रन आउट हुए।

मनीष पांडे (19) ने चौथे विकेट के लिए वार्नर के साथ जरूर 34 गेंदों पर 55 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह साझेदारी बड़े स्कोर के लिए काफी नहीं रही। पांडे आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी की गेंद पर आउट हो गए। पांडे जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 135 रन था। पांच गेंद शेष रहते हैदराबाद का सम्मानजनक स्कोर तक भी जाना मुश्किल लग रहा था लेकिन दीपक हुड्डा ने तीन गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 14 रनों की पारी खेल टीम को अपेक्षाकृत सम्मानजनक स्कोर दिया।

पंजाब के लिए अश्विन, मुजीब और शमी ने एक-एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493