पीटरसन ने विश्व कप में इंग्लैंड से अच्छे प्रदर्शन की इच्छा जताई

सिडनी, 14 जनवरी (आईएएनएस)। पिछले वर्ष टीम से निकाल दिए गए इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने कहा है कि वह आगामी विश्व कप में इंग्लैंड को अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखना चाहते हैं।

गौरतलब है कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा टीम से निष्कासित किए जाने के बाद से ही पीटरसन और ईसीबी के बीच वाकयुद्ध जारी है।

पीटरसन के टीम में बने रहने के दौरान भी ईसीबी के साथ उनके संबंध मधुर नहीं रहे और साथी खिलाड़ियों से भी अनबन की खबरें आती रहती थीं।

पीटरसन आखिरी बार 2013-14 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज श्रृंखला में खेलते नजर आए थे। एशेज सीरीज के ठीक बाद शुरू एकदिवसीय श्रृंखला में भी हिस्सा लिया था।

इसके बाद ईसीबी ने उन्हें टीम से निकालने का फैसला किया, जिस पर उठे विवाद ने क्रिकेट की दुनिया में खूब तूल पकड़ा।

पीटरसन ने हालांकि इसके बावजूद संन्यास नहीं लिया और ईसीबी से उनका संघर्ष लगातार चलता रहा। समाचार पत्रों में अपने लेख और अपनी जीवनी ‘केपी’ के जरिए पीटरसन ने भी ड्रेसिंग रूम की गुप्त बातें और अन्य रहस्यों का खुलासा करते हुए इस झगड़े को आगे बढ़ाया।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की आधिकारिक वेबासइट पर पीटरसन ने बुधवार को कहा, “मैं विश्व कप में इंग्लैंड को अच्छा प्रदर्शन करते देखना चाहता हूं।”

पीटरसन ने साथ ही कहा कि उन्हें अपना जन्म स्थान छोड़ इग्लैंड के लिए खेलने का पछतावा नहीं है।

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे पीटरसन फिलहाल आस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग (बीबीएल) टी-20 टूर्नामेंट में खेल रहे हैं।

पीटरसन ने 1997 में दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टीम नटाल से क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा। बाद में हालांकि वह इंग्लैंड चले गए।

पीटरसन ने कहा, “मुझे दक्षिण अफ्रीका पसंद है। मैं दक्षिण अफ्रीकी हूं लेकिन मैंने क्रिकेट का आनंद इंग्लैंड में उठाया।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493