राहुल पर मानहानि का वाद दायर करूंगा : सुमो

पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने सोमवार को कहा कि वे जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मोदी उपनाम के सभी लोगों को चोर कहने पर मानहानि वाद दायर करेंगे। मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष निश्चित हार देखकर ईवीएम पर सवाल उठा रहा है।

सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मोदी उपनाम के सभी लोगों को चोर कहने पर राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि वाद दायर करूंगा।”

मोदी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में इस बार 2014 से भी तेज लहर चल रही है, जिसे देखकर ‘महामिलावटी गठबंधन’ के लोग संभावित हार का बहाना ढूंढ़ रहे हैं और ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं।

मोदी ने अपने बयान में कहा, “ईवीएम से चुनाव कराने में बेईमानी की गुंजाइश खत्म हो गई है, लेकिन इससे उन लोगों को परेशानी हुई है जिन्होंने बूथ लूटकर बिहार में 15 वर्षो तक राज किया।”

उन्होंने कहा कि ऐसे दलों के चाहने से दुनिया बैलेट पेपर, बैलगाड़ी और लालटेन के दौर में नहीं लौट आएगी। जब कांग्रेस तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव जीती थी, तब इन दलों ने ईवीएम के मुद्दे पर चुप्पी साध रखी थी।

भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम को ‘टैंपरिंग प्रूफ ‘ पाया था और किसी दल ने इसे हैक करके दिखाने की चुनौती स्वीकार नहीं की थी।

सुशील मोदी ने कहा कि ऐसे दलों को उच्चतम न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है, जहां से पर्ची मिलाने करने का आदेश आया था। उन्होंने जोर दिया कि जो लोग संविधान बचाने का नाटक कर रहे हैं, वे ही लोग चुनाव आयोग और उच्चतम न्यायालय के फैसले पर संदेह करके उसकी विश्वसनीयता नष्ट कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493