हेमंत करकरे को दिया था श्राप, इसीलिए आतंकियों के शिकार बने : प्रज्ञा

भोपाल, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने मुंबई एटीएस के प्रमुख रहे और आतंकवादियों के हाथों शहीद हुए हेमंत करकरे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए विवादित बयान दिया है।

प्रज्ञा ने कहा कि उन्होंने करकरे को श्राप दिया था और उसी के चलते वह आतंकवादियों का शिकार बने।

मालेगांव बम विस्फोट के आरोप में गिरफ्तारी और उन पर हुई कार्रवाई के बारे में प्रज्ञा ठाकुर ने शुक्रवार को कोलार क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कहा कि उन दिनों वह मुंबई जेल में थीं। जांच आयोग ने सुनवाई के दौरान एटीएस के प्रमुख हेमंत करकरे को बुलाया और कहा कि जब प्रज्ञा के खिलाफ कोई सबूत नहीं है तो उन्हें छोड़ क्यों नहीं देते। तब हेमंत ने कई तरह के सवाल पूछे, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि इसे भगवान जाने। इस पर करकरे ने कहा कि ‘तो, क्या मुझे भगवान के पास जाना होगा।’

प्रज्ञा ने कहा, “उस समय मैंने करकरे से कहा था कि तेरा सर्वनाश होगा, उसी दिन से उस पर सूतक लग गया था और सवा माह के भीतर ही आतंकवादियों ने उसे मार दिया था। हिंदू मान्यता है कि परिवार में किसी का जन्म या मृत्यु होने पर सवा माह का सूतक लगता है। जिस दिन करकरे ने सवाल किए, उसी दिन से उस पर सूतक लग गया था, जिसका अंत आतंकवादियों द्वारा मारे जाने से हुआ।”

26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकवादियों ने हमला किया था। इन आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए हेमंत करकरे शहीद हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493