गोवा में 2 लोकसभा, 3 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को जीत का भरोसा

पणजी, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने रविवार को कहा कि प्रदेश की दोनों लोकसभा सीटों के साथ-साथ तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है।

चोडनकर का दावा है कि पांचों सीटें कांग्रेस की झोली में जाएंगी।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में गोवा की दो लोकसभा सीटों के साथ-साथ प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।

प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान शाम पांच बजे के बाद समाप्त हो गया।

चोडनकर ने कहा कि 2017 में विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता के जनादेश को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा छीन लिए जाने के बाद 23 अप्रैल को पहली बार मतदान हो रहा है, जिसमें मतदाता पांचों सीटों पर भाजपा के खिलाफ मतदान करके बदला लेंगे।

चोडनकर ने यहां एक प्रेसवार्ता में संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस 23 अप्रैल के लोकसभा चुनाव में दोनों सीटों के साथ-साथ विधानसभा उपचुनाव में भी जीत हासिल करेगी।”

कांग्रेस ने इस चुनाव में लोकसभा की दोनों सीटें और विधानसभा की एक सीट के लिए प्रदेश में भाजपा की पूर्व सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमसीपी) के साथ समझौता किया है।

गोवा में 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ चुनाव के बाद गठबंधन कर सरकार बनाई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493