कांग्रेस का प्रचार करने के लिए नरसिंह यादव के खिलाफ प्राथमिकी

मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संजय निरूपम के लिए प्रचार करने के आरोप में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके पहलवान नरसिंह पी. यादव के खिलाफ मंगलवार को एक प्राथमिकी दर्ज की है। यादव पुलिस विभाग के एक कर्मचारी भी हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि यादव (40) के खिलाफ अम्बोली पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यादव ने मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले यादवनगर इलाके में रविवार रात निरूपम के लिए प्रचार किया था।

इस सीट से शिवसेना के मौजूदा सांसद गजानन किर्तिकर के खिलाफ निरूपम चुनावी मैदान में हैं। यादव को अब इस मामले में विभागीय जांच का सामना करना पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जन्मे यादव ने वर्ष 2010 में नई दिल्ली में हुए एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 76 किलोग्राम भारवर्ग की कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2011 में मेलबर्न में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक और 2015 में लॉस वेगास में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा दोहा और इंचियान में हुए एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था।

साल 2016 में डोपिंग मामले में फंसने के बाद यादव पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके चलते वह रियो ओलंपिक में भाग नहीं ले सके थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493