प्रियंका गांधी ने झांसी में रोड शो किया

झांसी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के झांसी में एक चुनावी जनसभा संबोधित करने से पहले एक भव्य रोड शो किया।

कांग्रेस की पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी पूर्वान्ह लगभग 11.20 बजे यहां पहुंची और उन्होंने सिंधी चौराहा क्षेत्र स्थित पार्टी कार्यालय से रोड शो शुरू कर दिया।

उनका रोड शो मानिक चौक, बड़ा बाजार, सुभाष गंज, तलैया और ओरझा दरवाजा होते हुए इवाट बाजार क्षेत्र में संपन्न हुआ।

रोड शो के दौरान, प्रियंका सिंधी चौराहा स्थित छह कुंड महादेव मंदिर भी गईं।

रोड शो के दौरान उनके साथ झांसी से पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार शरण कुशवाह मौजूद थे।

अपनी नेता की एक झलक पाने के लिए कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।

वे कांग्रेस नेता के समर्थन में तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना लगाते हुए नारेबाजी कर रहे थे।

रोड शो के दौरान बैगनी साड़ी पहने प्रियंका गांधी ने कुछ बच्चों को अपनी गाड़ी पर सवारी भी करवाई। उन पर फूल भी बरसाए गए।

झांसी में 29 अप्रैल को चौथे चरण के तहत चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से अब तक 26 सीटों पर पहले तीन चरणों में चुनाव हो चुके हैं और शेष 54 सीटों पर आगामी चार चरणों में चुनाव होंगे।

प्रियंका ने बुधवार को बुंदेलखंड के महोबा में एक रोड शो किया था। इससे पहले भी वे अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में रोड शो कर चुकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493