भोपाल, 3 मई (आईएएनएस)। फानी तूफान का असर मध्य प्रदेश में भी पड़ने के आसार हैं। कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
राज्य में शुक्रवार की सुबह से मौसम साफ है। धूप निकली है, मगर चुभन कम है। बीते 24 घंटों के दौरान हवाएं चलने से गर्मी का असर कम हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि ओडिशा के गोपालपुरा में फानी तूफान के टकराने के बाद राज्य पर भी इसका असर हो सकता है। यहां के 20 से ज्यादा जिलों में इस तूफान के चलते आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है।
राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम बना हुआ है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री, इंदौर का 24.5 डिग्री, ग्वालियर का 27.3 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री, इंदौर का 39 डिग्री, ग्वालियर का 43.2 डिग्री और जबलपुर का 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath