कांग्रेस-सपा को जनरल नॉलेज में पढ़ेंगे बच्चे : पंकज सिंह (साक्षात्कार)

लखनऊ, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव व नोएडा से विधायक पंकज सिंह का मानना है कि परिवारवाद किसी भी सूरत में उचित नहीं है, हालांकि वह खुद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र हैं।

बहरहाल, उनका कहना है कि परिवारवाद कांग्रेस और सपा सहित क्षेत्रीय दलों में ही संभव है। अन्य दलों की तरह भाजपा में यह संभव नहीं है कि पिता ने जगह छोड़ी और कोई पुत्र जगह भरने आ गया। उनका मानना है कि स्कूल से निकल कर संसद में पहुंचने वाले परिवारवाद को रोकना ही चाहिए।

पंकज सिंह ने आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में कहा, “मैंने बहुत निचले स्तर से काम किया है। पार्टी जानती है, कार्यकर्ता जनते हैं। पिछले 15-16 सालों से साधारण कार्यकर्ता के रूप में मैंने काम किया। भाजपा युवा मोर्चा का सदस्य बना। फिर कार्यकारिणी सदस्य हुआ। इसके बाद प्रदेश मंत्री बना। अब महामंत्री हूं। 2007 में मुझे पार्टी ने टिकट दिया था। खुद अटल जी से कहा था कि मुझे अभी संगठन में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।”

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में महागठबंधन की चुनौती पर पंकज ने कहा, “सपा, बसपा और कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस चुनाव में जनता इनका हश्र बिगाड़ देगी। तीनों दल इस चुनाव में पूरी तरह साफ हो जाएंगे। चुनाव बाद सपा, बसपा और कांग्रेस को सिर्फ इतिहास में ही जाना जाएगा। लड़के इनके बारे में जनरल नॉलेज की किताबों से जानकारी पाएंगे।”

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर काम किया होता तो 70 सीटों पर लड़ने वाली पार्टी 38 पर क्यों आती।

उन्होंने कहा, “मैं किसी की बात पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। सपा के बयान पर बस यही कहूंगा कि उनका जनाधार घटा है। बहुत काम हुआ है और अभी बहुत कुछ करना बाकी है। 55 से 60 साल तक के शासन में बहुतेरों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिली। लेकिन पिछले पांच वर्ष में यह मिथक टूटा है। इसलिए सिर्फ विकास के लिए वोट मांगा जा रहा है।”

एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, “लखनऊ में प्रचार की कमान भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने थामी है। मैं यह विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा यहां भारी बहुमत से जीतेगी। सपा, बसपा और कांग्रेस अभी तक जात-पात के आधार पर चुनाव लड़ने में अटके हैं, लेकिन जनता इससे आगे निकल चुकी है। जात-पात, मजहब की दीवारें टूट चुकी हैं। लोगों को सिर्फ विकास चाहिए। बीते पांच सालों में लखनऊ में अवसंरचना का काम हुआ है। लखनऊ में रिंग रोड बना है। केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है। रिंग रोड, फ्लाई ओवर, गोमती नगर स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाया गया है। मेट्रो का काम हुआ है। सीवर लाइन डालने का कार्य कई जगह शुरू है।”

पंकज ने कहा, “इस बार के लोकसभा चुनाव में कोई चुनौती नहीं है। मोदी जी, राजनाथ जी और भाजपा के साथ लखनऊ खड़ा है। लोग विकास चाहते हैं। काम हुआ है। इसलिए पिछली बार से ज्यादा मर्जिन से राजनाथ जी की विजय होगी।”

विवादित भाषणों पर पंकज ने कहा, “हमारे नेतृत्व ने हमेशा इस बात पर बल दिया है कि शिष्ट तरीके से अपनी बात रखी जानी चाहिए। कभी कटु शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।”

पिता राजनाथ के प्रचार की कमान संभाल रहे पंकज ने अपनी प्रचार रणनीति के बारे में कहा, “चुनाव प्रचार में डिजिटल और परंपरागत दोनों माध्यमों का इस्तेमाल हो रहा है। परंपरागत माध्यम प्रचार का ज्यादा अच्छा माध्यम है। हम सोशल मीडिया से भी लोगों तक पहुंच रहे हैं। डोर टू डोर कैंपेन पर भी फोकस है। लोगों को पहले से ही कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493