उपचुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार हमसे टिकट मांगने आए थे : गोवा भाजपा

indexपणजी, 5 मई (आईएएनएस)। गोवा भाजपा के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने रविवार को कहा कि पणजी उपचुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार अटानासियो (बाबुश) मोनसेरेट उपचुनाव की घोषणा के बाद पहले टिकट मांगने भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में आए थे। उपचुनाव के लिए मतदान 19 मई को है।

राज्य भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान तेंदुलकर ने यह भी कहा कि मोनसेरेट चुनावी वादा कर रहे हैं कि 23 मई को लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद तुरंत बाद गोवा में कांग्रेस नीत गठबंधन की सरकार बनेगी, जो एक प्रपंच मात्र है।

मोनसेरेट से मुलाकात की बात स्वीकार करते हुए तेंदुलकर ने कहा, “कांग्रेस के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले वह (मोनसेरेट) इस उपचुनाव के लिए भाजपा का टिकट मांगने क्यों आए थे? उस समय तो उन्हें कांग्रेस कबाड़ पार्टी लगती थी, लेकिन बाबुश बाद में कांग्रेस में लौट गए।”

मोनसेरेट के खिलाफ पिछले साल एक आरोपपत्र दाखिल किया गया था, जिसमें कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप का जिक्र है। मोनसेरेट कांग्रेस और भाजपा सहित दर्जन भर पार्टियों के निकट संपर्क में रहे हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की भाजपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।

मोनसेरेट आज से दो महीने पहले तक गोवा फॉरवार्ड पार्टी के पदाधिकारी रह चुके हैं। यह पार्टी राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्ववाले गठबंधन की एक घटक है। पर्रिकर के निधन और पणजी उपचुनाव की घोषणा के तुरंत बाद मोनसेरेट ने पार्टी छोड़ दी।

तेंदुलकर ने भरोसा जताया कि भाजपा विधानसभा उपचुनाव में चारों सीटें (तीन पर 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है) और राज्य की दोनों लोकसभा सीटें जीतेगी। इसके साथ ही विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 18 हो जाएगी।

तेंदुलकर ने कहा, “जब 23 अप्रैल को नतीजे घोषित होंगे, तब भाजपा के पक्ष में आंकड़ा 6-0 का रहेगा। भाजपा विधायकों की संख्या 18 हो जाएगी। इसके अलावा गठबंधन के छह विधायकों का समर्थन रहेगा। हमें बहुमत के लिए 24 विधायकों की दरकार है। किसी को राज्य की भाजपा सरकार गिरने का दिवास्वप्न नहीं देखना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493