पेट्रोल, डीजल के दाम में राहत, कच्चा तेल नरम (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले दिनों कच्चे तेल के दाम में आई गिरावट का असर भारत में तेल के दाम पर दिखने लगा है। पेट्रोल और डीजल के दाम में गुरुवार को फिर गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अमेरिका-चीन व्यापारिक विवाद गहराने की आशंकाओं से कच्चे तेल में नरमी का रुख बना हुआ है और ब्रेंट क्रूड का भाव एक बार फिर 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है।

इससे पहले बुधवार को अमेरिका में कच्चे तेल का भंडार घटने की रिपोर्ट के बाद तेल के दाम में तेजी देखने को मिली और ब्रेंट क्रूड का जुलाई अनुबंध पिछले सत्र में 0.62 फीसदी की तेजी के साथ 70.31 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

हालांकि गुरुवार को आईसीई पर ब्रेंट क्रूड का जुलाई अनुबंध पिछले सत्र के मुकाबले 0.77 फीसदी की कमजोरी के साथ 69.83 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था।

तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में 16 पैसे, जबकि मुंबई में 15 पैसे प्रति लीटर की कटौती की है। वहीं, डीजल के भाव दिल्ली में 10 पैसे, कोलकाता में आठ पैसे और मुंबई व चेन्नई में सात पैसे प्रति लीटर घट गए हैं।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के भाव क्रमश: 72.84 रुपये, 74.88 रुपये, 78.44 रुपये और 75.63 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। वहीं, चारों महानगरों में डीजल के भाव घटकर क्रमश: 66.56 रुपये, 68.32 रुपये, 69.74 रुपये और 70.36 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। 25 अप्रैल के बाद पहली बार पेट्रोल का दाम दिल्ली में 73 रुपये और कोलकाता में 75 रुपये लीटर से कम हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493