बिहार में चिलचिलाती धूप, अभी सताएगी लू

पटना, 10 मई (आईएएनएस)। राजधानी पटना सहित बिहार राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार को चिलचिलाती धूप निकली है और गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अभी गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक भागलपुर और गया का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री तथा पूर्णिया का 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो-तीन दिनों तक लू और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस बीच सुबह से ही तेज धूप निकलेगी और लू का कहर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी वृद्घि होने की संभावना है।

पटना का शुक्रवार को अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। बिहार में गुरुवार को गया सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस बीच, गर्मी को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने राजधानी पटना के सभी स्कूलों में शुक्रवार से गर्मी की छुट्टी करने का निर्देश दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493