आरोप साबित कर दें, तो खुद से फांसी पर झूल जाऊंगा : गंभीर

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी गौतम गंभीर ने शुक्रवार को कहा कि यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यह साबित कर दें कि उनकी प्रतिद्वंद्वी और आम आदमी पार्टी (आप) की प्रत्याशी आतिशी के खिलाफ अपमानजनक पर्चो को बंटवाने के पीछे क्रिकेटर से नेता बने गंभीर का हाथ है तो वह खुद से फांसी पर झूल जाएंगे।

गंभीर ने ट्वीट किया, “अरविंद केजरीवाल और आप को चुनौती नंबर 3, अगर वे साबित कर देते हैं कि इन अपमानजनक पर्चो को बंटवाने में मेरा किसी भी तरह से कोई हाथ है तो मैं लोगों के सामने खुद से फांसी पर झूल जाऊंगा। नहीं तो अरविंद केजरीवाल को राजनीति छोड़नी होगी। यह चुनौती मंजूर है?”

यह बयान तब आया है, जब इससे एक दिन पहले उन्होंने आतिशी के उस बयान पर उन्हें नोटिस भेजा है, जिसमें आप प्रत्याशी ने आरोप लगाया था कि गंभीर ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में उनके खिलाफ ‘अश्लील और अपमानजनक’ लिखे हुए पर्चो को बंटवाया है।

इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर ने केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को भी मानहानि का नोटिस भेजा है।

दो बार संवाददाता सम्मेलन के दौरान पर्चो पर लिखी बातों को पढ़ते समय आतिशी रो पड़ीं थीं। उन्होंने गुरुवार को कहा था कि यह सब देख कर उन्हें दुख हुआ है। उन्होंने पूछा था कि यदि गंभीर जैसे लोग चुनाव जीत जाते हैं तो महिलाएं सुरक्षित कैसे रहेंगी।

पूर्वी दिल्ली से त्रिकोणीय मुकाबले में गंभीर, आतिशी और कांग्रेस प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली मैदान में हैं।

दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर 12 मई को मतदान होना है। 2014 में भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493