प्रयाग : सपा ने रोडशो कर दिखाई ताकत

प्रयाग, 10 मई(आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को इलाहाबाद और फूलपुर संसदीय सीटों के प्रत्याशियों के लिए रोडशो करके अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान सपा से कन्नौज की प्रत्याशी डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव तथा अभिनेत्री जया बच्चन भी मौजूद रहीं।

इस दौरान हजारों की संख्या में सपा समर्थक और स्टार प्रचारकों को देखने के लिए कड़ी धूप में लोगों की सड़कों के दोनों ओर भीड़ जुटी रही।

सिविल लाइंस स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमा स्थल पर उन्हें नमन करने के बाद शुरू हुआ रोडशो शहर उत्तरी, पश्चिमी व दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में घूमा।

ट्रक पर सवार स्टार प्रचारकों ने जगह-जगह माइक से लोगों का अभिवादन किया और लोगों से वोट देने की अपील भी की।

इस दौरान डिंपल यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा, “मोदी का जनता में कोई जादू नहीं है, वह काला जादू करके सबको गुमराह कर रहे हैं। अगर मोदी ने विकास किया है तो वह उसके नाम पर चुनाव क्यों नहीं लड़ रहे हैं? प्रदेश में गठबंधन की आंधी चल रही है, जिससे भाजपा घबरा गई है।”

उन्होंने कहा, “मोदी पांच साल में न युवाओं को रोजगार दे पाए, न किसानों को खाद, बीज, बिजली व सिंचाई के लिए पानी। नोटबंदी से आम आदमी को और जीएसटी लगाकर व्यापारियों को प्रताड़ित किया है। मोदी ने अनुसूचित व पिछड़ी जातियों, अल्पसंख्यकों को बांटकर सिर्फ अपना राजनीतिक हित साधा है।”

राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने कहा, “मैं प्रयागराज की बहू हूं। डिंपल मेरी बहू है। दो बहुओं का सम्मान करते हुए आप गठबंधन के प्रत्याशी को वोट देकर जिताएं। मैं 1984 के चुनाव में अपने पति अमिताभ बच्चन के लिए चुनाव प्रचार करने आई थी। जैसा माहौल मैंने उस समय देखा था, ठीक वैसा ही उत्साह आज देखने को मिला है।”

सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में गठबंधन के समर्थन के बिना कोई सरकार नहीं बन पाएगी।

इस दौरान इलाहाबाद लोकसभा सीट के प्रत्याशी राजेन्द्र पटेल और फूलपुर लोकसभा सीट के पंधारी यादव भी मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493