गंगा साफ नहीं हुई होतीं तो नौका में बैठकर न चल पातीं प्रियंका : गडकरी

बलिया, 10 मई(आईएएनएस)। केन्द्रीय सड़क एवं भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर गंगा सफाई को लेकर शुक्रवार को तंज कसा और कहा कि यदि गंगा साफ न हुई होतीं तो क्या प्रियंका नौका में बैठकर चल रही होतीं।

गडकरी ने आज यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “पिछली बार मॉरीशस के प्रधानमंत्री यहां आए थे तो बिना गंगा स्नान किए ही चले गए थे। इस बार प्रियंका गांधी बार-बार गंगा का जल पी रही हैं। यदि गंगा साफ नहीं हुई होतीं तो वह नौका में बैठकर नहीं चल रही होतीं।”

उन्होंने दावा किया कि मार्च 2020 तक गंगा शत-प्रतिशत स्वच्छ हो जाएंगी। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए गडकरी ने कहा, “गंगा में 80 लाख टन माल की ढुलाई हुई है। अगले वर्ष तक 280 लाख टन माल ढुलाई होगी। जलमार्ग के विकसित होने से भाड़ा कम होगा और उद्योग बढ़ेगा। हमारी योजना पानी पर जहाज उड़ाने की है। रूस से एक जहाज 17 मई तक यहां पहुंच जाएगी। उसकी गति 80 किमी प्रति घंटा होगी।”

उन्होंने कहा, “लोकसभा का यह चुनाव बेहद खास है। आतंकवादियों से समझौता करने वाला और उसके सामने घुटने टेकने वाला मजबूर प्रधानमंत्री चाहिए या मजबूत प्रधानमंत्री, यह देश की जनता को तय करना है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री या मुझे नहीं, बल्कि देश की आम जनता को जाता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493