कांग्रेस ने वादे पूरे किए : राहुल

सोलन(हिमाचल प्रदेश), 17 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दूसरे राज्यों में पार्टी द्वारा किए गए वादों को पूरा करने के बारे में बताया और कहा कि महत्वाकांक्षी ‘न्याय योजना’ के लागू होने पर अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी।

मशरूम और टमाटर की खेती के लिए चर्चित सोलन शहर में प्रचार के अंतिम दिन राहुल ने कहा, “हमने आपसे कहा था कि हम मनरेगा लाएंगे और हम लाए, हमने कहा था हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे और हमने किया। आप राजस्थान और मध्य प्रदेश में खुद जाकर देख सकते हैं।”

गांधी ने कहा, “हमने शिवराज सिंह चौहान के भतीजे और भाई का भी कर्ज माफ किया। हमारे पास इस बात के सबूत हैं। लेकिन वह (चौहान) मध्य प्रदेश की जनता से झूठ बोल रहे हैं कि किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है।”

कांग्रेस अध्यक्ष शिमला सीट से पार्टी उम्मीदवार कर्नल धनी राम शांडिल के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा इस दौरान उनके साथ थे।

नोटबंदी के फैसले पर गांधी ने मोदी सरकार को फटकार लगाते हुए कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था को नोटबंदी एक सबसे बड़ा झटका था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को अपनी गलतियों का एहसास नहीं है। वह हमेशा अपनी दुनिया में रहते हैं और जानकार लोगों की नहीं सुनते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493