ब्रह्मा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का कार्यभार संभाला (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। हरिशंकर ब्रह्मा ने शुक्रवार को देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा का ‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’ चुनाव कराना उनकी पहली प्राथमिकता है।

बह्मा ने चुनाव प्रबंधन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए इंटरनेट और डिजिटल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने का भी वादा किया।

ब्रह्मा ने वी.एस. संपत का स्थान लिया है। संपत का कार्यकाल गुरुवार को पूरा हो गया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद ब्रह्मा ने कहा, “मेरी पहली प्राथमिकता और मिशन दिल्ली विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराना है।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि निर्वाचन आयोग में हमारा दीर्घकालीन लक्ष्य उत्कृष्टता उपलब्ध कराना है।”

उन्होंने कहा, “मेरा व्यक्तिगत प्रयास रहेगा कि चुनाव प्रबंधन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जाए। इंटरनेट और डिजिटल प्रौद्योगिकी दोनों हमारे चुनाव प्रबंधन विशेषकर मतदान की गुणवत्ता को सुधार सकते हैं।”

पूर्वोत्तर से आने वाले ब्रह्मा दूसरे व्यक्ति हैं जो इस पद पर काबिज हुए हैं। इससे पहले जे.एम. लिंगदोह इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

जे.एम. लिंगदोह (2001-04) के बाद ब्रह्मा मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनने वाले पूर्वोत्तर के दूसरे अधिकारी हैं।

चुनाव आयोग के सबसे वरिष्ठ सदस्य ब्रह्मा की नियुक्ति पर गुरुवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने मुहर लगाई।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के साल 1975 बैच के आंध्र प्रदेश काडर के अधिकारी 60 वर्षीय ब्रह्मा असम के निवासी हैं। वह पूर्व में केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

ब्रह्मा 25 अगस्त, 2010 से निर्वाचन आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493