राहुल ने एग्जिट पोल को फर्जी बताया, कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने को कहा

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एग्जिट पोल को फर्जी करार दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी में विश्वास बनाए रखने का आग्रह करते हुए सतर्क रहने के लिए कहा।

राहुल ने ट्वीट किया, “अगले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। सतर्क और चौकन्ना रहें। डरे नहीं। आप सत्य के लिए लड़ रहे हैं । फर्जी एग्जिट पोल के दुष्प्रचार से निराश न हों। खुद पर और कांग्रेस पार्टी पर विश्वास रखें, आपकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।”

अधिकांश एग्जिट पोल के अनुमानों में लोकसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की सरकार बनने की बात कहे जाने के दो दिन बाद राहुल की यह टिप्पणी सामने आई है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को कहा था कि एग्जिट पोल सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल कम करने के लिए हैं और कार्यकर्ताओं को स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों के पास सर्तक रहने के लिए कहा था।

सात चरण का मतदान 19 मई को संपन्न हो गया। मतों की गिनती गुरुवार को होगी।

2014 में अपमानजनक हार का सामना करने वाली कांग्रेस ने 542 में से केवल 44 सीटें ही जीती थी लेकिन इस बार सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इसने कड़ी टक्कर दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493