ओडिशा से 33 प्रतिशत महिलाएं लोकसभा के लिए निर्वाचित

भुवनेश्वर, 25 मई (आईएएनएस)। आम चुनाव में ओडिशा से 33 प्रतिशत महिलाएं चुनकर संसद पहुंच रही हैं। यहां 21 संसदीय सीटों के लिए हुए चुनाव में सात महिलाओं को जीत मिली है।

बीजू जनता दल(बीजद) से पांच और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से दो महिलाओं ने चुनाव में जीत दर्ज की है।

भाजपा की तरफ से भुवेश्वर संसदीय सीट से अपराजिता सारंगी और बोलंगीर से संगीता सिंहदेव को जीत मिली है।

बीजद की तरफ से अस्का से प्रमिला बिसोई, क्योंझर से चंद्राणी मुर्मू, जगतसिंहपुर से राजश्री मलिक, जयपुर से शर्मिष्ठा सेठी और भद्रक से मंजूलता मंडल ने चुनाव जीता है।

ओडिशा से 33 प्रतिशत महिलाओं का चुना जाना महत्वपूर्ण है। महिला आरक्षण विधेयक के अंतर्गत भी लोकसभा और राज्य विधानसभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की मांग की जाती रही है, जोकि संसद में अभी भी लंबित है।

बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लोकसभा चुनाव के लिए 33 प्रतिशत महिलाओं यानी सात महिलाओं को टिकट दिया था, जिसमें से पांच ने जीत दर्ज की।

बीजद ने यहां की 12 लोकसभा सीटों पर, भाजपा ने आठ और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

146 विधानसभा सीटों में से बीजद ने 112 पर सफलता पाई, जबकि भाजपा ने 23 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर कब्जा जमाया है। माकपा ने एक सीट मिली है और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493