रांची, 27 मई (आईएएनएस)। झारखंड कांग्रेस के प्रमुख अजय कुमार ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे ने आईएएनएस को बताया, “अजय कुमार ने झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आर.पी.एन. सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया है।”
उन्होंने कहा, “अजय कुमार ने इस्तीफा दे दिया है, मगर उनका कार्यकाल अच्छा रहा। उनके कार्यकाल में ही कांग्रेस उपचुनाव जीती थी। कांग्रेस इस बार कम से कम एक सीट तो जीती। 2014 के चुनाव में हमारी पार्टी तो राज्य में खाता भी नहीं खोल पाई थी।”
कांग्रेस इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक के साथ गठबंधन कर सात सीटों पर लड़ी थी। कांग्रेस ने सिंहभूम सीट और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राजमहल सीट जीती।
प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं ने अजय कुमार के इस्तीफे की मांग की थी।
dharmpath.com dharmpath