बारिश ने धोया श्रीलंका, न्यूजीलैंड के बीच तीसरा एकदिवसीय

ऑकलैंड, 17 जनवरी (आईएएनएस)। इडेन पार्क मैदान पर मेजबान न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच शनिवार को खेला गया तीसरा एकदिवसीय मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।

मैच रोके जाने तक न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए थे। तीनों विकेट श्रीलंकाई कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने हासिल किए। मार्टिन गुप्टिल 66 रन बनाकर नाबाद रहे।

कप्तान ब्रेंडन मैक्लम 28 रन जबकि टॉम लेथम 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रॉस टेलर दो रन बनाकर मैथ्यूज का शिकार हुए।

इससे पूर्व वर्षा के कारण मैच देर से शुरू हुआ और अंपायरों द्वारा 43-43 ओवरों का खेल निर्धारित किया गया।

सात मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें फिलहाल 1-1 से बराबरी पर हैं। क्राइस्टचर्च में खेला गया पहला मैच न्यूजीलैंड तीन विकेट से जीतने में कामयाब रहा था जबकि हैमिल्टन में खेले गए दूसरे एकदिवसीय में श्रीलंका छह विकेट से विजयी रहा।

श्रृंखला का चौथा मैच नेल्सन में मंगलवार को खेला जाना है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493