भोपाल में सांपों का विष संग्रह कर बेचने की तैयारी

भोपाल, 6 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में सांपों का विष (वेनम) संग्रह कर बेचने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए वन विभाग राज्य सरकार को एक प्रस्ताव भेजकर अनुमति हासिल करेगा।

वन-विहार में सर्पो का बाड़ा है, जिसे सर्प उद्यान के नाम से पहचाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में सांपों को रखा जाता है, जिनमें विषधर भी हैं। यहां विभिन्न सपेरों से जब्त किए गए सांप भी होते हैं। विभाग इन सांपों का विष निकालने का मन बना रहा है।

राज्य के वन मंत्री उमंग सिंघार ने गुरुवार को वन विहार का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्प बाड़े के सोपों का वेनम (विष) संग्रहण का प्रस्ताव तैयार कर शासन से विधिवत अनुमति प्राप्त करने को भेजा जाए। इससे अवैध रूप से वेनम संग्रहण पर अंकुश लगने के साथ वन विहार की आय भी बढ़ेगी।

ज्ञात हो कि सर्प के वेनम का उपयोग दवाओं के निर्माण में किया जाता है, इसकी राष्ट्रीय और अंतर्राष्टीय दवा बाजार में काफी मांग होती है। इसकी कीमत भी बहुत ज्यादा होती है। इसके चलते अवैध तरीके से यह कारोबार फल-फूल रहा है। इस कारोबार पर कुछ अंकुश लगे, इसी मकसद से वन-विहार में मौजूद सांपों का वेनम निकालकर बेचने की योजना बनाई जा रही है।

इससे एक तरफ जहां दवा निर्माताओं को आसानी से वेनम मिल जाएगा, वहीं वन विहार की आय में भी इजाफा हो सकेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493