जनभावना का सम्मान करे कांग्रेस : भाजपा

लखनऊ, 13 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने गुरुवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि उसे हार की बौखलाहट भुला कर जनभावना का सम्मान करना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्र मोहन ने यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस को अब आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका वाड्रा की बुधवार की समीक्षा बैठक सही मायने में बौखलाहट बैठक थी। कांग्रेस नेताओं द्वारा लोकसभा चुनाव परिणाम पर टिप्पणी करना बताता है कि कांग्रेस गहरे अवसाद में है।”

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा, “रायबरेली में सोनिया गांधी जी द्वारा नैतिकता और मर्यादाओं की बेमानी बात करना लोकतंत्र पर हमला है। कांग्रेस नेतागण जब विधानसभा चुनाव में अनुकूल परिणाम आता है तो उसे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जीत बताते हैं। लेकिन आम चुनाव के परिणाम को वे स्वीकार नहीं कर पाते हैं।”

चन्द्रमोहन ने कहा कि “जब कांग्रेस नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली थी और कांग्रेस नेताओं ने अपनी पार्टी की जीत का लक्ष्य न लेकर भाजपा को हराने का ही लक्ष्य निर्धारित किया था तो उसके लिए जिम्मेदार कोई और कहां हो सकता है।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेतृत्व द्वारा लोकसभा चुनाव परिणाम पर अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी के लिए जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस का नकारात्मक प्रचार और कामदार और देश के सबसे चहेते नेता पर आरोपों की सजा देश की सम्मानित जनता ने दी है।”

डॉ. चन्द्रमोहन ने कहा, “कांग्रेस नेतृत्व का लोकतंत्र में कभी विश्वास नहीं रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस का अपने प्रवक्ताओं को राजनैतिक चर्चा से हटाना यही दर्शाता है। कांग्रेस पहले अपने प्रत्याशियों की आवाज सुने, फिर राजनैतिक चर्चा करे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493