मप्र का ‘बेटी बचाओ’ अभियान केंद्र को पसंद

भोपाल, 18 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार के ‘बेटी बचाओ’ अभियान को केंद्र सरकार अपनाने जा रही है। केंद्र सरकार हरियाणा के पानीपत से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना राष्ट्रीय स्वरूप के साथ शुरू करने जा रही है। यह बात प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री माया सिंह ने कही।

मंत्री ने बताया कि एक अक्टूबर, 2007 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में ‘बेटी बचाओ’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके पहले ‘लाडली लक्ष्मी’ योजना वर्ष 2006 से शुरू हुई थी। इसमें बालिका के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई और विवाह तक का दायित्व सरकार उठाती है।

मध्य प्रदेश सरकार ने वर्ष 2014 में ‘स्वागतम लक्ष्मी’ योजना शुरू की है। केंद्र सरकार ने इसके स्वरूप को स्वीकारते हुए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को अब पूरे देश में लागू करने का फैसला किया है।

माया सिंह ने बताया कि इस योजना में केंद्र सरकार ने प्रदेश के चार जिलों को चुना है, इनमें दतिया, ग्वालियर, भिंड और मुरैना शामिल हैं।

इन चार जिलों की कार्य-योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए ग्रामवार और प्रखंडवार कार्य योजना बनाई जा रही है।

हरियाणा के पानीपत में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’ की शुरुआत के साथ 20 जनवरी से तीन-दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार भी होगा। 21 जनवरी को ‘न्यूट्रीशन एवं हेल्थ’ पर संगोष्ठी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को तीन-दिवसीय सेमिनार का समापन करेंगे।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के आग्रह पर राज्य सरकार प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के हित में चलाई जा रही योजनाओं और उसके परिणामों पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाएगी। इस प्रदर्शनी में लाडली लक्ष्मी, स्वागतम लक्ष्मी, बेटी बचाओ, शौर्या दल जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493