पुलवामा में सेना के गश्ती दल पर हमला, 9 जवान मामूली रूप से घायल

श्रीनगर, 17 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को आतंकवादियों द्वारा सेना के एक वाहन पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से किए गए हमले में नौ जवान मामूली रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने आईएएनएस से कहा, “पुलवामा के अरिहल में सोमवार को 44 राष्ट्रीय राइफल्स के एक गश्ती वाहन पर क्षेत्र से गुजरते वक्त एक आईईडी से लदे वाहन से हमला करने का असफल प्रयास किया गया।”

उन्होंने कहा, “सभी जवान सुरक्षित हैं। कुछ घायल हुए हैं। सेना के काफिले पर हमले की रपटें आधारहीन हैं।”

पुलिस सूत्रों ने कहा कि इस धमाके में नौ जवान घायल हुए हैं और उन्हें श्रीनगर शहर के आर्मी बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने कहा, विस्फोट स्थल पर तत्काल सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। क्षेत्र को घेर लिया गया है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इससे पहले ऐसी रपटें थी कि आतंकवादियों ने अरिहल गांव से सेना के दस्ते के गुजरते वक्त कैस्पर वाहन पर आईईडी से हमला किया है, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि सेना ने स्पष्ट किया कि क्षतिग्रस्त वाहन कैस्पर नहीं था, बल्कि अशोक लेलैंड का स्टालियन ट्रक था।

कैस्पर वाहन पर बारूदी सुरंगों का असर नहीं होता है और सेना इनका इस्तेमाल सैन्य काफिलों के आवागमन के दौरान कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित इलाकों में करती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493