अमित शाह बने रहेंगे भाजपा प्रमुख, जे. पी. नड्डा बने कार्यकारी अध्यक्ष (लीड-2)

नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जगत प्रकाश नड्डा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की घोषणा की जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पार्टी के अध्यक्ष बने रहेंगे।

भाजपा मुख्यालय में यहां पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया, “बैठक में आज (सोमवार को) अमित शाह ने कहा कि वह पार्टी को पर्याप्त समय देने में असमर्थ हैं क्योंकि उनके पास केंद्रीय गृह मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है।”

सिंह ने कहा, “इसलिए यह निर्णय लिया गया कि पार्टी अध्यक्ष का पद किसी अन्य व्यक्ति को दिया जाना चाहिए। लेकिन, बोर्ड के सदस्यों ने शाह से तब तक अध्यक्ष बने रहने का आग्रह किया जब तक भाजपा सदस्यता अभियान और चुनाव समाप्त नहीं हो जाता।”

रक्षामंत्री ने बताया कि हालांकि शाह ने उनकी जगह किसी और को यह पद देने पर जोर दिया, इसलिए यह निर्णय लिया गया कि जे. पी. नड्डा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाए।

जे.पी. नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती राजग सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रहे हैं। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य नड्डा भाजपा संसदीय बोर्ड के सचिव हैं।

वह हिमाचल प्रदेश में तीन बार विधायक रह चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के अलावा वह हिमाचल प्रदेश सरकार में वन, पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री भी रह चुके हैं।

नड्डा मई 2012 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493