दिल्ली : सिपाही ने खुद को गोली मारी, हालत गंभीर (लीड-2)

नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में पुलिस के 26 वर्षीय एक सिपाही ने रविवार को सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। उसकी हालत नाजुक है। पुलिस ने बताया कि सिपाही पारिवारिक समस्याओं के कारण तनाव में था।

दिल्ली के बाराखंभा पुलिस थाने में तैनात विपिन तोमर ने सुबह करीब आठ बजे अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। उसे कुछ घंटों पहले ही पुलिस स्टेशन से सर्विस पिस्तौल जारी की गई थी।

घटना कनॉट प्लेस के मिंटो ब्रिज के करीब स्थित एक पुलिस बूथ में हुई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “यातायात विभाग का एक सिपाही गोली की अवाज सुनकर पुलिस बूथ की तरफ दौड़ा। वहां पहुंचने पर उसने विपिन को जमीन पर पड़ा देखा। उसके चारों और खून ही खून पड़ा हुआ था। उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को भी फोन किया।”

पुलिस अधिकारी ने कहा, “विपिन को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।”

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विपिन ने खुद को दाएं कनपटी में गोली मारी। उन्होंने कहा कि गोली उसके बाएं कनपटी से निकली और दीवार में जा लगी।

उन्होंने बताया कि विपिन मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर का रहने वाला है। 10 फरवरी को उसकी शादी होने जा रही थी।

विपिन वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में शामिल हुआ। वह पिछले तीन साल से बाराखंभा पुलिस थाने में बतौर सिपाही तैनात था।

पुलिस ने कहा कि वह इस बात की जांच कर रही है कि सिपाही ने ऐसा जानलेवा कदम क्यों उठाया। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने आईएएनएस को बताया, “हमने विपिन तोमर के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद ही हम यह जान सकेंगे कि क्या वह किसी पारिवारिक या अन्य परेशानी से जूझ रहा था।”

विपिन मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में पुलिसकर्मियों के लिए बने सरकारी आवास में रहता था। वह चार दिनों के अवकाश के बाद शनिवार को ड्यूटी पर लौटा था।

बाराखंबा रोड पुलिस थाने में तैनात सिपाही हिमांशु ने आईएएनएस से कहा, “विपिन मेरे अच्छे दोस्तों में से एक था। वह अपनी शादी को लेकर खुश था। मुझे आश्चर्य है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।”

हिमांशु ने बताया, “विपिन शनिवार से कुछ पारिवारिक मामलों को लेकर परेशान था। लेकिन उसने मुझे कुछ नहीं बताया।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493