मोदी ने मांगे लाल गर्ग के निधन पर शोक जताया (लीड-1)

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व विधायक तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मांगे लाल गर्ग के निधन पर शोक जताया है।

गर्ग गंभीर रूप से बीमार थे और पश्चिम विहार स्थित बालाजी एक्शन हॉस्पिटल में भर्ती थे।

उनके एक पारिवारिक सदस्य ने बताया कि उन्होंने रविवार सुबह अस्पताल में अंतिम सांस ली।

प्रधानमंत्री मोदी ने दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “श्री मांगे लाल जैसे नेता किसी भी दल के लिए संपत्ति होते हैं। वे जमीनी स्तर पर निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं और विभिन्न प्रकार से सेवा करते हुए विभिन्न लोगों का जीवन प्रभावित करते हैं। गर्ग जी द्वारा किए गए अच्छे काम वर्षो तक याद किए जाएंगे।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “श्री मांगे राम जी का दिल्ली से गहरा संबंध था और जिस तरह से वे इस शहर के लोगों की निस्वार्थ सेवा करते थे, वह उनके व्यवहार से दिखता था। दिल्ली में भाजपा को मजबूत बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”

गर्ग 2003 में वजीरपुर विधानसभा से निर्वाचित हुए थे। वे 2008 में कांग्रेस के हरि शंकर गुप्ता से इसी सीट पर हार गए थे।

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और लोकसभा सांसद हंस राज हंस ने भी गर्ग के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

गर्ग का पार्थिव शरीर दिल्ली में 14 पंडित पंत मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493