केरल : पर्यटन, राजस्व के मामले में शुभ रहा 2014

तिरुवनंतपुरम, 19 जनवरी (आईएएनएस)। केरल में बीते साल (2014) पर्यटकों की ज्यादा आमद हुई और राजस्व भी ज्यादा रहा। एक मंत्री ने यह जानकारी दी।

पर्यटन मंत्री ए. पी. अनिल कुमार ने 2015 के लिए पर्यटन विभाग की योजनाओं से संवाददाताओं को अवगत कराने के दौरान बताया कि 2014 के अंतिम आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं।

कुमार ने बताया, “साल 2014 की पहली तिमाही के आंकड़े दर्शाते हैं कि पर्यटकों की आमद और राजस्व दोनों में बढ़ोतरी हुई है, यद्यपि पर्यटन जगत बर्ड फ्लू के कारण अंतिम तिमाही में संकट से गुजर रहा था। लेकिन पूरे वर्ष को संपूर्णता में देखा जाए तो पर्यटन और राजस्व में वृद्धि हुई और हम जल्द ही पूरा आंकड़ा जारी करेंगे।”

केरल पर्यटन विभाग एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए वित्त वर्ष में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बना रहा है।

कुमार ने बताया, “हम चीन और मध्य पूर्व के बाजारों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन क्षेत्रों में बड़े बाजार उपलब्ध हैं, जहां हमें दखल देने की जरूरत है। मध्य पूर्व में हम पहले ही शुरुआत कर चुके हैं। चीन एक ऐसा बाजार है, जहां हम रोड शो आयोजित कर रहे हैं।”

केरल में पर्यटन का सर्वश्रेष्ठ समय साल की अंतिम तिमाही से शुरू होता है और नए साल के दूसरे महीने (फरवरी) तक चलता है।

कुमार ने बताया, “हम पर्यटन के लिए प्रचार और विज्ञापन जारी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमें यकीन है कि निजी क्षेत्र भी इस पहल में आगे आकर पर्यटकों के लिए फायदेमंद परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। यह अप्रैल से शुरू होगा।”

उन्होंने बताया, “सरकारी क्षेत्रों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पर्यटन के मामले में श्रीलंका हमारा मुख्य प्रतिद्वंद्वी है। हम विमानन कंपनियों से भी पर्यटकों के लिए विशेष किराए की योजना बनाने के लिए कह रहे हैं।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493