हॉकी इंडिया लीग का आगाज गुरुवार से

नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के तीसरे संस्करण का शुभारम्भ गुरुवार को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में कलिंगा लांसर्स अपने गृह मैदान पर रांची रेच से भिड़ेगा।

पिछले संस्करण में सेमीफाइनल में पहुंची टीम रांची रायनोज के भंग होने के बाद उसके स्थान पर रांची रेज पहली बार एचआईएल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहा है जिसका मालिकाना हक सहारा इंडिया परिवार और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के पास है।

कलिंगा लांसर्स टीम के लिए यह दूसरा संस्करण होगा। पिछले संस्करण में टीम अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर रही थी। टीम ने हालांकि तब रांची रायनोज को अपने गृह मैदान पर 4-1 से हराकर सबको स्तब्ध कर दिया था।

ऐसे में इस बार भी उसकी कोशिश रांची के खिलाफ अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने और अंकतालिक में बेहतर स्थान प्राप्त करने की होगी।

दूसरी ओर मौजूदा चैम्पियन दिल्ली वेवराइडर्स कप्तान सरदार सिंह के नेतृत्व में अपने अभियान की शुरुआत 23 जनवरी को लखनऊ में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स के खिलाफ करेगा। मौजूदा चैम्पियन के तौर पर वेवराइडर्स खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

वहीं दो बार सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहा उत्तर प्रदेश विजार्ड्स वी.आर. रघुनाथ के नेतृत्व में टूर्नामेंट का आगाज अपने गृह मैदान में जीत के साथ करना चाहेगा।

पिछले संस्करण में उपविजेता रही पंजाब वारियर्स टीम भी टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज 23 जनवरी को दबंग मुंबई के खिलाफ मैच से करेगी। यह मैच मुंबई में खेला जाएगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493