सैयद मोदी मास्टर्स : सायना, श्रीकांत के बाद कश्यप भी फाइनल में (लीड-1)

लखनऊ, 24 जनवरी (आईएएनएस)। बाबू बनारसी दास इनडोर स्टेडियम में चल रहे 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले सैयद मोदी इंटरनेशनल इंडिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में शनिवार को देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल और युवा खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत के बाद श्रेष्ठ खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप ने भी फाइनल में प्रवेश कर लिया।

दो बार की विश्व चैम्पियशिप कांस्य पदक विजेता पी. वी. सिंधू हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलीना मैरीन से हारकर बाहर हो गईं।

ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता तीसरी विश्व वरीय सायना ने सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड की निकाओन जिंदापोन को 40 मिनट में 21-10, 21-16 से मात दे दी।

वहीं पुरुष एकल के सेमीफाइनल मैच में पांचवें विश्व वरीय श्रीकांत ने हमवतन एच. एस. प्रनॉय को एक घंटा दो मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 12-21, 21-12, 21-14 से हराया।

सायना ने शानदार शुरुआत करने हुए शुरू से ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली। पहले गेम में सायना से 2-5 से पिछड़ने के बाद जिंदापोन हालांकि वापसी करते हुए 7-7 से बराबरी करने में सफल रहीं।

सायना ने हालांकि इसके बाद लगातार सात अंक हासिल कर फिर से बढ़त कायम कर ली और आखिरी चार अंक लगातार जीत पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में 22वीं विश्व वरीय जिंदापोन ने एक बार फिर वापसी करते हुए सायना को कठिन चुनौती दी। सायना ने हालांकि बेहद नियंत्रित अंदाज में खेलते हुए दूसरा गेम भी जीत लिया।

जिंदापोन के खिलाफ सायना की यह तीसरी भिड़ंत थी, जिसमें उन्होंने तीसरी बार जीत दर्ज की।

पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीकांत पहले गेम में लय में नजर नहीं आए और 12-21 से हार गए।

श्रीकांत ने हालांकि दूसरे गेम में जबरदस्त वापसी की और आक्रामक अंदाज में अगेल दोनों गेम जीत लिए।

पुरुष एकल वर्ग के एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता कश्यप 10वें विश्व वरीय डेनमार्क के एक्सेलसेन के खिलाफ पहला गेम 18-21 से हार गए।

कश्यप ने हालांकि संघर्ष करते हुए एक्सेलसेन को अगले दोनों गेमों में 22-20, 21-7 से हरा दिया।

इसके साथ ही पुरुष एकल वर्ग की खिताबी जंग श्रीकांत और कश्यप के बीच तय हो गई। वहीं महिला एकल वर्ग के फाइनल में सायना सातवीं विश्व वरीय मेरीन से भिड़ेंगी।

देश की शीर्ष महिला युगल जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा हालांकि चौथी वरीय मलेशियाई जोड़ी एमीलिया एलीसिया एंसेली और फी चो सूंग से 16-21, 21-19, 13-21 से हार गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493