रणजी ट्रॉफी : असम ने गोवा को 10 विकेट से हराया

पोरवोरिम, 24 जनवरी (आईएएनएस)। स्वरूपम पुरकायस्थ की शानदार गेंदबाजी और तरजिदर सिंह (नाबाद 119) की अगुवाई में बल्लेबाजों के संयुक्त प्रयास की बदौलत असम ने शनिवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी के मुकाबले में मैच के चौथे एवं आखिरी दिन गोवा को 10 विकेट से मात दे दी।

इस जीत के साथ असम बोनस अंक हासिल कर ग्रुप-सी में शीर्ष पर पहुंच गया।

पहली पारी के आधार पर 260 रनों से पिछड़ने के बाद गोवा ने अपनी दूसरी पारी में शुक्रवार तक बिना कोई विकेट गंवाए 82 रन बना लिए थे, हालांकि मैच के आखिरी दिन संघर्ष करने के बावजूद 268 रन बनाने में सारे विकेट गंवा दिए।

इसके बाद चौथी पारी में नौ रनों का लक्ष्य हासिल करना असम के लिए औपचारिकता मात्र रह गई।

पुरकायस्थ की धारदार गेंदबाजी के आगे गोवा पहली पारी में 175 रन बना सका था। पुरकायस्थ ने दूसरी पारी में भी शानदार गेदंबाजी करते हुए छह विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए।

असम के लिए तरजिंदर ने शतकीय पारी खेली थी, जबकि गोकुल शर्मा (53) और जमालुद्दीन सैयद मोहम्मद (69) ने भी अहम योगदान दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493