जम्मू कश्मीर: भाजपा नेता को आतंकियों ने गोली मारी, मौत

श्रीनगर/जम्मू: जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के त्राल इलाके में बुधवार रात आतंकवादियों ने भाजपा के एक पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी. हमला उस समय हुआ जब पार्षद अपने एक मित्र के घर थे.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि तीन आतंकियों के समूह ने रात करीब 10:15 बजे राकेश पंडित पर अंधाधुंध गोलीबारी की. उन्होंने कहा कि राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने बताया कि त्राल के स्थानीय निकाय के चेयरमैन पंडित अपने मित्र मुश्ताक अहमद के घर जा रहे थे, उसी दौरान तीन अज्ञात आतंकवादियों ने उनपर गोलियां चलायीं. आतंकियों की गोलीबारी में अहमद की बेटी भी जख्मी हुई हैं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, राकेश पंडित को सुरक्षा प्रदान की गई थी और उन्हें दो निजी सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए थे.

उन्होंने कहा कि मानक संचालन प्रक्रिया का उल्लंघन कर वह बिना सुरक्षा के दक्षिण कश्मीर स्थित अपने पैतृक गांव चले गए. प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्र की घेराबंदी कर हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रमुख रविंद्र रैना  ने कहा कि पंडित का ‘शहीद’ होना व्यर्थ नहीं जाएगा. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘पाकिस्तानी आतंकवादियों ने एक बार फिर कश्मीर घाटी में खून बहाया है. कायर पाकिस्तानियों ने ऐसे समर्पित भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया है, जो हमेशा अंधेरे में आशा की किरण बनकर घाटी में पाकिस्तानियों को चुनौती देते रहे. उनका शहीद होना व्यर्थ नहीं जाएगा.’

रैना ने कहा, ‘घाटी में खून का होली खेलने वाले आतंकवादियों का खात्मा होगा. यह मानवता और कश्मीरियत की हत्या है.’

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493