मोदी के स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं : रामनरेश यादव

भोपाल, 28 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना साकार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

भोपाल में बुधवार को राजभवन में नेतृत्व विकास शिविर में भाग ले रहे अनुसूचित जाति-जनजाति के प्रतिभाशाली और अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि वे महात्मा गांधी और अन्य महापुरूषों के आदर्शो पर चलते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढें।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छ भारत का सपना साकार करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया है उसे सफल बनाने में वे सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में चरित्र और नैतिक मूल्यों की कमी चिंता का विषय है, शिक्षकों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित नेतृत्व विकास शिविर में भाग ले रहे लगभग 351 और सात अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं ने राज्यपाल से मुलाकात की।

इस मौके पर आदिम-जाति कल्याण के प्रमुख सचिव बी़ आऱ नायडू ने कहा कि इस प्रकार के शिविर से प्रदेश में आदिवासी एवं अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को बहुत अच्छे अनुभव हुए हैं। उनका शिक्षा का स्तर सुधरा है। वहीं अनुसूचित जाति विकास के प्रमुख सचिव अशोक शाह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं और संभावनाओं को अवसर प्रदान करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493