एचआईएल : रांची ने मुंबई को ड्रॉ पर रोका

रांची, 28 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के तीसरे संस्करण में बुधवार को हुए टूर्नामेंट के आठवें मैच में नवगठित दोनों टीमों रांची रेज और दबंग मुंबई के बीच कड़ी टक्कर हुई हालांकि मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा।

मेचबान रेज के लिए डेनियल बीले और कप्तान एश्ले जैक्सन ने गोल किए, जबकि दबंग मुंबई के लिए ग्लेन टर्नर और संता सिंह ने गोल दागे।

मुंबई ने आक्रामक शुरुआत की और रांची पर दबाव बनाने में सफल रहे, दूसरी ओर रांची बचाव करने में भी कमजोर रही।

रांची के कमजोर बचाव का लाभ उठाते हुए 12वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने दाईं ओर से आक्रमण कर गोलपोस्ट के ठीक सामने अर्जुन हलप्पा को गेंद पास कर दी, जिसे हलप्पा ने गोलपोस्ट की और दाग दिया हालांकि बीच में टर्नर ने गेंद को मोड़ देते हुए नेट का रास्ता दिखाया।

पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में टर्नर ने एकबार फिर तेज आक्रमण करते हुए बाईं ओर से संता सिंह को गोलपोस्ट के ठीक सामने गेंद पास कर दी, जिसे संता ने नेट का रास्ता दिखा दिया और पहले क्वार्टर में ही मुंबई को 2-0 की बढ़त दिला दी।

पहले क्वार्टर से जहां मुंबई का दबदबा बनता लग रहा था, लेकिन दूसरे क्वार्टर से ही रांची ने जबरदस्त वापसी की और दूसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी बैरी मिडलटन ने बीले को सर्किल के अंदर गेंद पास की जिसे बीले ने रिवर्सहैंड स्ट्राइक के जरिए गोल का रास्ता दिखा दिया।

इससे ठीक पहले मंदीप सिंह का एक शानदार शॉट क्रॉसबार को छूकर छिटक गया था।

मध्यांतर तक मुंबई 2-1 की बढ़त कायम रखने में सफल रही।

मध्यांतर के बाद शुरू हुए तीसरे क्वार्टर में रांची ने फिर से जुझारू खेल का प्रदर्शन करते हुए मैच में वापसी की और मैच के 38वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर जैक्सन ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।

मैच का चौथा क्वार्टर गोलरहित रहा और 2-2 के स्कोर के साथ ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

इस मैच से दोनों टीमों को दो-दो अंक मिले और रांची रेज चार मैचों से नौ अंक हासिल कर दूसरे, जबकि मुंबई तीन मैचौं से पांच अंक हासिल कर चौथे स्थान पर मौजूद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493